-उत्कृष्ट कार्य करने की संस्कृति को मजबूत करता है प्रतिभाओं का सम्मानर: राज्यपाल
देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने सोमवार को राजपुर रोड़, देहरादून स्थित एक होटल में भारत गौरव अवार्ड फाउंडेशन द्वारा आयोजित ‘भारत गौरव पुरस्कार’ समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 22 प्रतिभाओं को सम्मानित किया। समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं का सम्मान समाज में बेहतर और उत्कृष्ट कार्य करने की संस्कृति को मजबूत करता है। उन्होंने वर्ष 2017 से देश के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को पहचान और सम्मान देने के लिए भारत गौरव अवार्ड फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
राज्यपाल ने कहा कि किसी व्यक्ति की उपलब्धि केवल उसकी व्यक्तिगत सफलता तक सीमित नहीं होती। जब किसी की प्रतिभा समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाती है और राष्ट्र की प्रगति में योगदान देती है, तो वह उपलब्धि पूरे देश की उपलब्धि बन जाती है। उन्होंने कहा कि आज देश के युवा विज्ञान, तकनीक, अनुसंधान, खेल, स्टार्टअप, उद्योग, कला और सामाजिक सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय दे रहे हैं। महिलाओं और बेटियों की बढ़ती भागीदारी भी सशक्त और आत्मनिर्भर भारत की तस्वीर प्रस्तुत कर रही है।
पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं को बधाई देते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह सम्मान उनकी उपलब्धियों की स्वीकृति के साथ-साथ भविष्य में और बेहतर कार्य करने की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि सफलता के पीछे अनुशासन, निरंतर परिश्रम, सीखने की ललक और चुनौतियों के बीच लक्ष्य पर टिके रहने का संकल्प महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि उपलब्धियों की वास्तविक सार्थकता तब और बढ़ जाती है, जब उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। सम्मानित प्रतिभाओं से उन्होंने अपने अनुभव अगली पीढ़ी के साथ साझा करने, युवाओं का मार्गदर्शन करने तथा जरूरतमंदों के जीवन में अवसर और आशा पैदा करने का आह्वान किया।
राज्यपाल ने कहा कि विकसित भारत का निर्माण केवल संसाधनों से नहीं, बल्कि प्रतिभाशाली, जिम्मेदार और चरित्रवान नागरिकों से होगा। देश की प्रतिभाओं को अपनी क्षमता और उपलब्धियों को समाज एवं राष्ट्र की प्रगति से जोड़ते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देना होगा।
इस अवसर पर राज्यपाल ने सभी पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने भारत गौरव अवार्ड फाउंडेशन के पदाधिकारियों एवं चयन समिति को भी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने वाले इस प्रेरक आयोजन के लिए बधाई दी। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्रीप्रदीप बत्रा, भारत गौरव अवार्ड फाउंडेशन के अध्यक्ष अंजनी कुमार, कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. संदेश यादव, सदस्य आकाश पांडे एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
—
भारत गौरव पुरस्कार 2026 के विजेताओं की सूची
1. योगेन्द्र सिंह यादव – परम वीर चक्र विजेता (आर्मी)
2. मीनाक्षी नेगी- प्रधान वन संरक्षक, कर्नाटक
3. राहुल भण्डारी – प्रधान सचिव, पंजाब सरकार
4. डॉ. कुंदन यादव- राज्यसभा आयुक्त, भारत सरकार (त्रिपुरा)
5. डॉ. ललिता कुमारी- आयुक्त, भारत सरकार (दिल्ली)
6. सोहिनी बडवेलु- सामाजिक कार्यकर्ता, युवा आदर्श (तेलंगाना)
7. ऐश्वर्या कुर्रा- ट्रस्टी, श्रीराम स्कूल (तेलंगाना)
8. दीपक निवास हुड्डा- अर्जुन पुरस्कार विजेता (हरियाणा)9. श्रुति मालपानी- अध्यक्ष, एमपीएम फाउंडेशन (तेलंगाना)
10. प्रफुल्ल राज सिंह- पूर्व स्क्वाड्रन लीडर, वायुसेना कप्तान
11. अनुपमा यादव -कला और संस्कृति (बिहार)
12. संतू पान – विधायक, ताड़केश्वर (पश्चिम बंगाल)
13. जयदीप अरोडा- यूसीडीएफ (उत्तराखण्ड सरकार)।
14. शिवम गहलोत – एंबेसडर, फिट इंडिया (उत्तर प्रदेश)
15. सुरेंद्र कुमार – संस्थापक, हमारा परिवार (हरियाणा)
लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार विजेता
1. भानु प्रकाश रेड्डी -आंध्र प्रदेश सरकार में टीटीडी के सदस्य
2. तेजेंद्र पाल त्यागी – चेयरमैन, राष्ट्रीय सैनिक संस्था
3. समीर सिन्हा -पूर्व प्रधान वन संरक्षक
भारत युवा पुरस्कार 2026 के पुरस्कार विजेता
1. गुड्डू खेतान- प्रधान संपादक (एनएमएफ न्यूज)
2. अब्बास खान – अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी (शो जम्पर)
3. अमित चंदेला – सामाजिक कार्यकर्ता, युवा आदर्श
4. विराट आर्य – गौ सेवक (उत्तराखण्ड)